जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील परिसर में अधिवक्ता के साथ अभद्रता और धमकी देने की घटना का मामला सामने आया है। जहां बरुईन गांव निवासी अधिवक्ता राम प्रकाश सिंह की फाइलें एक व्यक्ति द्वारा फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अधिवक्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि 26 मई की दोपहर करीब 2:30 बजे तहसील परिसर में विजय चौधरी पुत्र लालता चौधरी निवासी लोदीपुर, ने उनके टेबल पर न होने की स्थिति में उनके बैग से पाँच फाइलें निकाल कर फाड़ दी और तीन फाइलों को तहस-नहस कर फेंक दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने मां-बहन की गालियां देते हुए खुलेआम धमकी दी कि यदि वह कचहरी परिसर से बाहर निकले तो जान से मार दिया जाएगा या मरवा दिया जाएगा। इस घटना से मुझे मानसिक, सामाजिक और नैतिक क्षति पहुंची है। अधिवक्ताओं में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है। अधिवक्ता संघ ने घटना की निंदा करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










