जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के एक गांव निवासी दिव्यांग महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर पुत्री के साथ छेड़खानी किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने संदीप बिंद, विक्की, भुल्लन बिंद, सोनू बिंद, प्रसिद्धन व संतोष के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
पीड़िता ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि वह गरीब तथा दिव्यांग महिला है तथा पति बाहर गाड़ी चलाते हैं। घर में एक पुत्री व दो पुत्र के साथ रहती हूं। पुत्री जब भी घर से निकलती है तो गांव के ही कुछ मनबढ़ युवक छेड़छाड़ करते रहते हैं। विगत मार्च माह में उन युवकों के खिलाफ शिकायत की थी। तब पुलिस ने उन्हें बुलाकर फटकार लगाया था।
उसी रंजिश को लेकर बीते 11 मार्च 25 को विपक्षियों ने लाठी-डंडा से लैस होकर गाली एवं जान से मारने की धमकी देते हुए मेरे दरवाजे पर आये तथा मेरे परिवार वालों को मारने-पीटने लगे तथा मोटरसाइकिल भी तोड़ दिये थे। उक्त घटना की सूचना कोतवाली में दर्ज कराया गया। जिसका आरोप पत्र न्यायालय में आ चुका है, जो अभी विचाराधीन है।
इसके बाद भी उपरोक्त लोग मान नहीं रहे है और मेरे तथा पुत्री एवं परिवार वालों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। विपक्षी युवकों ने बीते 4 जुलाई 25 को भी पुत्री के साथ छेड़खानी किये थे। इसके बाद 12 सितंबर को उक्त लोगों ने मेरे लड़के पंकज को गाड़ी से दबाने की कोशिश किये तथा रात्रि घर में घुसकर मेरी पुत्री के साथ छेड़खानी करने लगे। शोर गुल सुन अगल बगल के लोग पहुंचे तब सभी युवक गाली व जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।










