दिलदारनगर (गाजीपुर)। क्षेत्र के पचोखर गांव में बुधवार की शाम आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के कुछ दबंगों ने एक परिवार के दो सगे भाइयों को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दिलदारनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मोहम्मद कादिर ने बताया कि वह बुधवार की शाम अपने भाइयों मोहम्मद वसीम और हसनैन के साथ बगीचे में बैठे थे। तभी गांव के ही अख्तर अली, शहनूर, एजाज, असगर, इरफान और राजा वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में वसीम और हसनैन के सिर में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और अगली सुबह भी रास्ता रोकने की कोशिश की। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अख्तर अली, शहनूर, एजाज, असगर, इरफान और राजा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।










