सुशील कुमार
जमनियां (गाजीपुर)। श्री शिवपूजन इंटर कालेज मलसा के हरिद्वार स्टेडियम में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 92 यूपी बटालियन एनसीसी के 9वें दिन शुक्रवार को वाराणसी ग्रुप हेड क्वार्टर एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर कुलबीर सिंह ने प्रशिक्षण कैंप का निरीक्षण किया।

सर्वप्रथम उन्होंने ए एन ओ, पी आई स्टाफ से मुलाकात किया। उसके पश्चात उन्हें एनसीसी के कैडेटों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल अजय उनियाल के द्वारा कैंप की ब्रीफिंग की गई तथा विधिवत कैंप का निरीक्षण कराया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद के द्वारा ब्रिगेडियर कुलबीर सिंह को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। इसके पश्चात ग्रुप कमांडर ने ट्रेनिंग एरिया का जायजा लिया, जिसमें उन्होंने फायरिंग एवं ड्रिल का निरीक्षण किया।

कैडेटों से बात करते हुए ग्रुप कमांडर ने कहा कि एनसीसी के कैडेटों में आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं अनुशासन अन्य विद्यार्थियों की तुलना में अधिक पाया जाता है। जो कैडेट इन मंत्रों का अक्षरशः पालन करेगा वह जीवन में नई बुलंदियां हासिल करेगा। ग्रुप कमांडर ने कैडेटों से बात किया एवं कैंप में चल रही गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि आपके अनुसार यह कैम्प उत्कृष्ट कैंप के मानकों को पूरा कर रहा है।
उक्त मौके पर कैप्टन आर पी यादव, सतीश कुमार राय, डॉ विलोक, विजय शंकर राय, सच्चिदानंद दुबे, सूबेदार मेजर अशोक कुमार, सूबेदार सुवा राम इत्यादि उपस्थित थे।










