जमानियां (गाजीपुर)। महर्षि जमदग्नि ऋषि की तपोस्थली जमानियां में उनके नाम पर एक भव्य एवं नव्य मंदिर निर्माण की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को ब्राह्मण रक्षा दल के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के संरक्षक व पूर्व भाजपा प्रत्याशी बालकृष्ण त्रिवेदी के निर्देश पर नगर पंचायत अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता से भेंट की।
इस प्रतिनिधिमंडल ने महर्षि जमदग्नि मंदिर के लिए नगर क्षेत्र में उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता ने इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए तुरंत जमीन दिखाने की प्रक्रिया शुरू कर दी और मंदिर निर्माण हेतु नगर पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
चेयरमैन ने कहा, “महर्षि जमदग्नि की तपोस्थली जमानियां ही नहीं, पूरे जनपद की पहचान है। भविष्य की पीढ़ियों को इस गौरवशाली विरासत से परिचित कराने के लिए यह मंदिर एक मजबूत माध्यम बनेगा। इस कार्य में सहयोग देकर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेंगे।”
ज्ञात हो कि महर्षि जमदग्नि, भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी के पिता थे। जमानियां उनके तप और साधना की ऐतिहासिक भूमि रही है। वर्तमान में हरपुर गंगा तट पर स्थित भगवान परशुराम जी का मंदिर पहले से ही स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रस्तावित मंदिर निर्माण से जमानियां में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
प्रतिनिधिमंडल में ब्राह्मण रक्षा दल के संयोजक प्रेम शंकर मिश्र, गोपीनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संरक्षक राकेश तिवारी, डॉ. पियूष कांत दुबे, चमचम चौबे, हरिशंकर तिवारी, प्रभाशंकर तिवारी सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे। सभी ने चेयरमैन के समर्थन और आश्वासन के लिए आभार प्रकट किया।










