जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के असैचंदपुर गांव स्थित महर्षि शांडिल्य सोशल एंड एजुकेशन द्वारा संचालित जगतगुरुकुलम के तत्वावधान में बुधवार को कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य हरिओम तिवारी के सान्निध्य में गुरुकुल के बटुकों द्वारा वैदिक मंत्र का मंगलाचरण करके की गई। तत्पश्चात ट्रस्ट की अध्यक्षा सीमा तिवारी व मुख्य अतिथि राजेश्वर तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम में उपस्थित करीब 250 से ज्यादा जरूरतमंदों को निःशुल्क ऊनी कंबल वितरित किया गया। जिसे पाकर उनके चेहरे खिल उठे।

अध्यक्षा सीमा तिवारी ने कहा कि समाज में गरीबों व जरुरतमंदों की सेवा करना पुनीत कार्य होता है। इस प्रकार का कार्यक्रम मानव सेवा का एक माध्यम होता है। समर्थवान लोगों को आगे आकर समाज में इसी प्रकार से मानव सेवा करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में भोज कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसका सैकड़ों लोगों ने आनंद उठाया।
इस मौके पर सुखेन तिवारी, शिवम मिश्रा, विनोद तिवारी, उज्ज्वल उपाध्याय, विशाल उपाध्याय, सुरेश दुबे, विकास दुबे आदि मौजूद रहे।










