दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित कटार देवी मंदिर के पास बुद्धवार की सुबह करीब 6 बजे रजवाहा नहर में संदिग्ध अवस्था में बाइक सहित युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक बुद्धवार की सुबह करीब 6 बजे कटार देवी मंदिर के पास ग्रामीणों ने रजवाहा नहर में बाइक सहित गिरे हुए एक अज्ञात युवक का शव देखा। शव मिलने को खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत युवक के शव को नहर से बाहर निकलवाया। छानबीन के दौरान मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान 28 वर्षीय इजहार अंसारी पुत्र जब्बार अंसारी निवासी बघरी थाना धीना जनपद चंदौली के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को देखते ही रोना बिलखना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक इजहार लुधियाना में रह कर काम करता था। और दरौली गांव स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। मंगलवार की रात करीब 8 बजे वह बाइक लेकर बहुआरा गांव स्थित अपने ससुराल जाने के लिए निकला था लेकिन बुद्धवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में रजवाहा नहर में उसका शव पाया गया। मृतक का एक पुत्र व एक पुत्री भी है।
थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल पायेगा।