सड़क हादसे में बाइक सवार की हुई मौत, होली की खुशियां मातम में बदली

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे स्थानीय क्षेत्र के मतसा प्राइमरी स्कूल के सामने एनएच-24 सड़क पर हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटकनिया गांव निवासी 46 वर्षीय निर्वेश सिंह यादव अपने रिश्तेदार के यहां से बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में मतसा प्राइमरी स्कूल के पास गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निर्वेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार बोलेरो वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

निर्वेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना से गांव में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *