ओवरटेक करने में गयी बाइक चालक की जान

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के पास एक ऑटो को ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक के नीचे आने से घायल बाइक चालक की मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि हेतिमपुर गांव निवासी आकाश पुत्र सहेंद्र बिंद गांव के ही एक युवक की बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने के लिए भैदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर गया था। जहां से लौटते समय विद्युत उपकेंद्र के पास ऑटो को ओवर टेक कर आगे निकलने के चक्कर में तहसील की तरफ से आ रहे ट्रक के नीचे घुस गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके से ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। यह देख लोगों ने आनन फानन में उसे पीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही आकाश ने दम तोड़ दिया।

आकाश के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आकाश दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था। इस संबंध में कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *