जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के डिगरी नहर पुलिया के पास एक निजी मैरेज हाल में आगामी 2 से 5 जनवरी 2024 को होने वाले 24 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ एवं प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कार्यक्रम के आयोजन के लिए गुरुवार को गायत्री परिवार की तरफ से भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न किया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम को गायत्री परिवार के गाजीपुर शाखा प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, जिला समन्वयक लौहर सिंह व रामकिशोर राय की टोली ने एक कुंडीय यज्ञ व ध्वजारोहण करके संपन्न कराया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक जयशंकर श्रीवास्तव व अंशुमान जायसवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि गायत्री तीर्थ शान्तिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में जमानियां रेलवे स्टेशन क्षेत्र के डिगरी नहर पुलिया के पास स्थित एक निजी मैरेज हाल में आगामी 2 जनवरी से 5 जनवरी 2024 तक 24 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ व प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का विराट आयोजन किया जाएगा। जिसमें शान्तिकुंज हरिद्वार से विद्वान आचार्यों की टोलियां द्वारा कार्यक्रम कराया जायेगा।
बताया कि क्षेत्र में पहली बार गायत्री परिवार का इतना बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जायेगी और प्रतिदिन सुबह 9 बजे से यज्ञ व विविध संस्कार और शाम को संगीतमय प्रवचन होगा। 3 जनवरी को ‘आओ गढें संस्कारवान पीढ़ी’ की कार्यशाला और 4 जनवरी को दोपहर 2 बजे से प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें क्षेत्र के सभी अध्यापकों, युवाओं, विद्यार्थियों और प्रबुद्ध वर्ग को आमंत्रित किया गया है।
उक्त कार्यक्रम को अखिल विश्व गायत्री परिवार के उत्तर प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रतिनिधि प्रभाकर सक्सेना संबोधित करेंगे तथा शाम को 24 हजार दीपों का दीप महायज्ञ व मशाल प्रज्ज्वलन होगा। सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि गायत्री परिवार पूरे भारत में राष्ट्र जागरण कार्यक्रम के माध्यम से युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्त, संस्कारी व चरित्रवान बनाने के लिए तत्पर है। आयोजक अंशुमान जायसवाल ने बताया कि सभी कार्यक्रम यज्ञ व संस्कार पूरी तरह निःशुल्क होंगे।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में सभी लोग बिना किसी जाति-वर्ग, लिंग, धर्म, भाषा, संप्रदाय के लोग शामिल हो सकते हैं।










