जमानियां (गाजीपुर)। भारतीय जनता पार्टी, जमानियां नगर मंडल की ओर से बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
तिरंगा यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर हॉस्पिटल रोड होते हुए बलुआ घाट पर समाप्त हुई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारों से क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने कहा कि भारतीय सेना का शौर्य और पराक्रम पूरे देश को गौरवान्वित कर रहा है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जो पराक्रम भारतीय सेना ने दिखाया, उस पर आज पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।”
भाजपा के मीडिया प्रभारी संजीत यादव ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारतीय सैनिकों के सम्मान की एक छोटी-सी अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि सेना के सम्मान में किया गया कोई भी कार्य पर्याप्त नहीं हो सकता।
यात्रा में सभासद रोहित शर्मा, राकेश प्रजापति, राजीव पांडे, लालमुनि, पुष्पा निषाद, राहुल वर्मा, मुन्ना गुप्ता, रमेश पासवान, मनोज रौनियार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।