जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के रोडवेज बस स्टैंड के सामने मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित कार ने एक सैलून की दुकान पर खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दिया और मौके से भाग निकला।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह बड़ेसर गांव निवासी ब्रह्मा पासवान टीवीएस बाइक लेकर खड़े शिवनाथ राम से रोडवेज बस स्टैंड के ठीक सामने एक सैलून की दुकान पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे तभी बाजार की तरफ से आ रही अर्टिगा कार में सवार कुछ युवकों की अनियंत्रित कार ने शिवनाथ राम और ब्रह्मा पासवान को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे ब्रह्मा पासवान का पैर बुरी तरह से फ्रैक्चर हो गया, वहीं शिवनाथ राम को हल्की चोट लगी तथा टीवीएस बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
अभी मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक कार चालक कार लेकर तेज गति से भाग निकला। इस घटना के बाद वहां अफरा तफरी मच गई। लोगों ने गंभीर रूप से घायल ब्रह्मा पासवान को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाले कार सवार युवक स्थानीय बाजार के ही रहने वाले हैं। घटना की सूचना पर पहुंचे चौकी के पुलिसकर्मी घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए।










