चाट की दुकान में घुसी अनियंत्रित कार, महिला हुई घायल

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के बरूईन मोड़ पर शनिवार की शाम उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार एनएच 24 किनारे स्थित एक चाट की दुकान में जा घुसी। इस घटना में जलपान कर रही एक महिला घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना में घायल बिहार प्रदेश के दुर्गावती थाना क्षेत्र के बिछिया गांव निवासिनी महिला नीतू यादव के पति अशोक यादव ने बताया कि उनकी पत्नी अपने दो बच्चियों के साथ वाराणसी से ट्रेन पकड़कर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उतरी थी। जिन्हें लेने के लिए वह स्कॉर्पियो वाहन से स्टेशन गए थे। जहां से पत्नी व बच्चियों को लेकर बरूईन मोड़ पर गाड़ी खड़ा कर जलपान के लिए उतरे।

वह अपनी एक बच्ची को लेकर पान खाने चले गए तथा एक बड़ी बच्ची उनकी पत्नी नीतू के साथ मोड़ पर ही गुप्ता चाट भंडार की दुकान पर बैठकर जलपान कर रही थी, तभी बरूईन मोड़ पर ही कुछ दूरी पर खड़ी एक ऑल्टो कार आगे बढ़ी और तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर चाट की दुकान में काउंटर को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। इस घटना में नीतू यादव घायल हो गई।

यह देख वहां अफरा तफरी मच गई। वहीं कार चला रहा शाह आलम निवासी नई बाजार को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को घटना की सूचना देकर घायल महिला को पास के ही एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। इस घटना में चाट विक्रेता सुनील कुमार गुप्ता के दुकान का काउंटर, बेंच सहित दुकानदारी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। इस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष और कार चालक के बीच आपसी सुलह समझौते की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *