अहिल्याबाई होलकर की मनाई गई त्रिशताब्दी जयंती

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका के सभागार में शुक्रवार की सुबह करीब 11:30 बजे शासन के निर्देश पर एक कार्यक्रम का आयोजन कर अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी (300 वां) जयंती मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित करके की। तत्पश्चात वक्ताओं ने महान शासिका और समाज सुधारक रानी अहिल्याबाई होलकर के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की उन महान नारियों में से एक हैं, जिन्हें नारी शक्ति, प्रशासनिक दक्षता और धर्म परायणता का ऐसा अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी स्मृति आज भी भारतीय जनमानस में श्रद्धा के साथ अंकित है।

नगर पालिकाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अहिल्याबाई शुरू से ही विलक्षण प्रतिभा और प्रखर बुद्धि की धनी थीं। उनकी राजनीतिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा न्यायिक व्यवस्था आज भी प्रासंगिक है। देश के प्रति उनके महान योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उक्त मौके पर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, कार्यक्रम के संयोजक पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष पुष्पा निषाद, ज्योत्सना कुशवाहा, सुमन मौर्य, मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित नगर क्षेत्र की आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, समूह की महिलाएं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *