जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफार्म के स्टार्टर सिग्नल के पास मंगलवार की दोपहर 2:16 बजे एक युवती ने पटना अहमदाबाद रन थ्रू ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। हालांकि घटना की पुलिस द्वारा छानबीन के बाद ही सच्चाई उजागर हो पायेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफार्म पर स्टेशन बाजार क्षेत्र की एक 22 वर्षीय युवती और एक समुदाय विशेष का युवक किसी बात को लेकर बहस कर रहे थे, इसी दौरान दोपहर करीब 2:16 बजे तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन नं 19422 पटना अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन के आगे युवती अचानक कूद गई। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह देख युवक वहां से भाग निकला।
हैरान करने वाली बात यह है कि ट्रेन के आगे कूदने के बाद युवती का शव ट्रेन इंजन के कैटल गार्ड में फंस गया और शव को घसीटते हुए साथ ले गया। ट्रेन, चंदौली जनपद के पिपरदाहा गांव के पास गेट संख्या 90/सी के पास जब पहुंची तो गेटमैन की नजर इंजन के कैटल गार्ड में फंसे शव पर पड़ी। तब उसने स्थानीय रेलवे स्टेशन को तत्काल इसकी सूचना दी।
इस दौरान पटना अहमदाबाद एक्सप्रेस बहोरा चंडील स्टेशन से पहले ही अप रेल लाइन के किलोमीटर संख्या 714/27 -29 के पास दोपहर 2:18 बजे खड़ी हो गई। इंजन के कैटल गार्ड में फंसे युवती का शव आरपीएफ द्वारा निकालने के बाद ट्रेन 2:50 बजे आगे की ओर रवाना हुई। वहीं स्टेशन की सूचना पर मौके पर दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी जायदान सिंह व आरपीएफ के उपनिरीक्षक नवीन सिंह पहुंच कर घटना की पूरी जानकारी ली।
जीआरपी प्रभारी जयदान सिंह ने बताया कि इस मामले में धीना थाना की पुलिस कारवाई में जुटी है। उधर घटना की खबर पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गये और शव देखकर रोने बिलखने लगे।










