विरोध प्रदर्शन कर अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम सौंपा 5 सूत्रीय मांग पत्र

जमानियां (गाजीपुर)। वाराणसी में अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह के उपर पुलिस द्वारा किये गये बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में स्थानीय बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने सोमवार की सुबह प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित 5 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम कार्यालय में नायब तहसीलदार अवनीश कुमार को सौंपा।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता अशोक कुमार यादव की अध्यक्षता में सोमवार की सुबह 11 बजे एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें अधिवक्ताओं ने प्रदेश में आये दिन अधिवक्ताओं के उपर हो रहे प्राणघातक हमले की निंदा की और विगत दिन पहले वाराणसी में अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह के उपर पुलिस द्वारा किये गये बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने निम्नलिखित प्रस्ताव पारित किया।

शासन से मांग किया कि अधिवक्ता के उपर किये गये लाठी चार्ज में दोषी पुलिसकर्मीयों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करते हुए दोषीयों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी किया जाए, इस आश्य का आदेश शासन के द्वारा निर्गत किया जाए कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति प्रदेश में पुलिस के द्वारा अधिवक्ताओं के उपर न किया जाए, सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, न्यायालय व न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए जिससे अधिवक्ताओं व वादकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके व न्यायालय में पारदर्शिता कायम हो तथा सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में अधिवक्ताओं को आत्मरक्षार्थ शस्त्र लाइसेंस सुगमता से निर्गत किया जाए।

अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से अपील किया कि उपरोक्त मांगो पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए तत्काल उचित कार्यवाही करें। उक्त मौके पर अधिवक्ता कमलकांत राय, फैसल होदा, मु. मेराज सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *