गंगा जल भरने आये बिहार के युवक की डूबकर हुई मौत, फैली सनसनी

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बलुवा घाट पर सोमवार की भोर स्नान के बाद गंगा जल भरने आये बिहार के कुदरा थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी पेंटर गुड्डू उर्फ दीपक पासवान (32) की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दीपक पिछले एक महीने से बिहार के देहवलिया गांव में पेंटिंग का काम कर रहा था। सावन माह के तीसरे सोमवार के अवसर पर वह अपने दोस्तों संग गंगा स्नान करने बलुवा घाट पहुंचा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। गोताखोरों द्वारा दो घंटे की तलाश के बाद दीपक के शव को बाहर निकाला गया।

फोटो : गंगा नदी में डूब कर मृत दीपक

मृतक के साथी अनिल शर्मा ने बताया कि हम लोग यहां स्नान कर गंगा जल लेकर रामगढ़ स्थित बैजनाथ धाम जलाभिषेक के लिए जा रहे थे, लेकिन यह हादसा हो गया।

दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां शांति देवी और पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन छोटे बच्चे भी हैं।

कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *