जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र की एक युवती ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। युवती के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से लिंक आने के बाद टेलीग्राम ऐप के जरिए उससे ₹1.61 लाख की धोखाधड़ी कर ली गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, संजना कुमारी पुत्री संजय कुमार, निवासी जमानियां रेलवे स्टेशन, हालपता अलीनगर मुगलसराय चंदौली ने बुधवार की शाम पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही वह टेलीग्राम ऐप पर पहुंच गई, जहां उसे “रेस्टोरेंट फीडबैक” के नाम पर अलग-अलग टास्क पूरा करने को कहा गया।
पीड़िता ने बताया कि 12 और 13 अक्टूबर 2025 को कुल पाँच ट्रांजेक्शन के माध्यम से उसके खाते से 1 लाख 61 हजार रुपये की ठगी की गई। पीड़िता ने तहरीर देकर साइबर फ्रॉड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










