जमानिया (गाज़ीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में एक युवक छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेतिमपुर निवासी 37 वर्षीय चंदन कुमार गुरुवार रात अपने घर की छत पर सोया हुआ था। रात करीब 12 बजे वह किसी कारणवश छत के बारजे की ओर चला गया, इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा।
गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और देखा कि चंदन के सिर में गंभीर चोट लगी है और वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने चंदन को वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया। परिजनों ने बताया कि घायल की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।










