जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां स्टेशन के राधाकृष्ण मंदिर रोड निवासी एक व्यापारी के साथ बुधवार की रात करीब 10 बजे डीडीयू बक्सर पैसेंजर ट्रेन में एक किन्नर ने एक युवक के साथ मिलकर 5 हजार रुपए की छिनैती व मारपीट कर घायल करने की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना ने रात के पहर में रेल यात्री सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
स्टेशन बाजार के प्रतिष्ठित व्यापारी पीड़ित पप्पू वर्मा ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह बुद्धवार को व्यापार के सिलसिले में वाराणसी गए हुए थे। वापस लौटते समय वह पं दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से ट्रेन नं 63240 डीडीयू बक्सर पैसेंजर में बैठकर जमानियां अपने घर लौट रहे थे। तभी रात करीब 10 बजे किसी मेल ट्रेन को पास करने के लिए पैसेंजर ट्रेन धीना स्टेशन पर खड़ी हो गई।
इसी दौरान एक किन्नर उनके पास आया और रुपए मांगने लगा, मेरे मना करने पर वह मुझसे हाथापाई करने लगा और मेरे जेब में रखा 5 हजार रुपये छिन लिया और मेरे साथ मारपीट करने लगा, उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भी मुझे मारने पीटने लगा। दोनों ने मिलकर मुझे मारपीट कर घायल कर दिया और मौके से भाग निकले।
रात 10 बजकर 14 मिनट पर जब ट्रेन खुली तो किसी तरह मै जमानियां स्टेशन पहुंच और ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ को घटना की जानकारी दी। लेकिन आरपीएफ जवान ने कहा, पहले आप जीआरपी में शिकायत दर्ज कराइये। हमने अपने अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है। व्यापारी पप्पू वर्मा के साथ रात के पहर में ट्रेन में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने रेलवे की यात्री सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
इस संबंध में जीआरपी उपनिरीक्षक दिलदारनगर अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि इस संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है, पीड़ित द्वारा तहरीर मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



