रेलवे ट्रैक पर पलटा धान लदा ट्रैक्टर ट्रॉली, मची अफरा तफरी

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय एनएच 24 स्थित बाईपास रेलवे फाटक पर उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब मंगलवार की दोपहर करीब सवा 12 बजे धान लदा एक ट्रैक्टर की ट्रॉली बीच रेलवे ट्रैक पर पलट गई। आस पास मौजूद लोगों के सहयोग से ट्रैक्टर ट्रॉली व ट्रैक पर बिखरे धान की बोरियों को हटवा कर रेल ट्रैक खाली कराया गया।

बताया जा रहा है कि जमानियां की तरफ से ओवरलोड धान की बोरियों को लेकर एक ट्रैक्टर चंदौली जनपद के अमड़ा स्थित धान मिल के लिए जा रहा था। अभी वह बाईपास रेलवे फाटक के पास पहुंचा ही था कि ट्रैक समतलीकरण न होने के कारण दोनों ट्रैक के बीच ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। यह देख फाटक से गुजर रहे राहगीरों में अफरा तफरी मच गई।

इसके बाद आस पास मौजूद लोगों ने धान की बोरियों को रेलवे ट्रैक से हटवाया और ट्रैक्टर सीधा होने के बाद रेल ट्रैक को खाली कराया गया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक एनएच 24 पर यातायात प्रभावित रहा, वहीं करीब 5 मिनट तक पटना डीडीयू मेमू पैसेंजर ट्रेन गड़ही गांव के सामने खड़ी रही। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ स्टाफ ने ट्रैक्टर चालक मनोज कुमार से पूछताछ की।

इस संबंध में आरपीएफ दिलदारनगर उपनिरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है, छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *