जमानियां रेलवे स्टेशन से 2.5 करोड़ के चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर)। बीते 24 अप्रैल को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गोरखपुर इकाई ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से जमानियां रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई गाड़ी संख्या 12142 पाटलिपुत्र लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट ट्रेन के कोच B2 में की गई, जहां एक संदिग्ध यात्री के बैग से भारी मात्रा में मादक पदार्थ चरस बरामद किया गया।

सूचना के अनुसार, एनसीबी को गुप्त खबर मिली थी कि एक यात्री ट्रेन में चरस लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए नारकोटिक्स विभाग गोरखपुर के निरीक्षक प्रभारी महेश प्रसाद, उप निरीक्षक रवि प्रकाश यादव तथा आरपीएफ थाना दिलदारनगर के उप निरीक्षक नवीन कुमार व सिपाही राजकुमार ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

जैसे ही ट्रेन दोपहर 1:40 बजे जमानिया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 पर पहुंची, टीम ने तत्काल कोच B2 में चेकिंग शुरू की। एक यात्री की सीट से संदिग्ध काले रंग का बैग बरामद किया गया, जिसे खोलने पर उसमें से ब्राउन रंग का प्लास्टिक में लिपटे कुल 10 बंडल मिले। जांच करने पर यह चरस पाई गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुरारी आनंद शर्मा बताया और कहा कि वह मुंबई का रहने वाला है। उसने स्वीकार किया कि वह यह चरस नेपाल से लाकर पटना से मुंबई जा रहा था।

मौके पर ही एनसीबी की टीम ने बरामद चरस को गवाहों की मौजूदगी में तौला, जिसका कुल वजन 5 किलोग्राम निकला। एनसीबी ने तत्काल जप्ती सूची बनाकर माल को कब्जे में लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर गाजीपुर मुख्यालय ले जाया गया।

एनसीबी के अनुसार बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *