जमानियां (गाजीपुर)। ऑपरेशन सतर्क अभियान के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) व राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने मंगलवार की रात स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डाउन 22971 मुंबई बांद्रा टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस से 41.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। हालांकि इस दौरान कोई तस्कर मौके से पकड़ा नहीं जा सका।
आरपीएफ निरीक्षक गणेश राणा ने बताया कि मुखबिर खास के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त ट्रेन के आगे जनरेटर कार के नीचे तथा स्लीपर कोच के शौचालय में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है, जिसे बिहार राज्य में चेन पुलिंग कर उतारे जाने की संभावना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल कार्रवाई की गई।
चूंकि ट्रेन का स्थानीय स्टेशन पर नियमित ठहराव नहीं था, इसलिए सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से संपर्क कर 15 मिनट का विशेष ठहराव लिया गया। इसके बाद आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या दो पर रात्रि 11:42 बजे ट्रेन के पहुंचते ही सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जनरेटर कार के नीचे तथा स्लीपर कोच संख्या एस-3 के शौचालय से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
आरपीएफ निरीक्षक गणेश राणा ने बताया कि ट्रेन में शराब ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। साथ ही शराब ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण इससे ट्रेन में आग लगने और यात्रियों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है। सुरक्षा मानकों को देखते हुए बरामद शराब को तत्काल कब्जे में ले लिया गया।
आरपीएफ द्वारा लिखित शिकायत के साथ बरामद शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी को सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद उक्त लावारिस अंग्रेजी शराब को जीआरपी चौकी में लावारिस माल के रूप में दाखिल किया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जा रही है।










