ट्रॉली ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, बिजली आपूर्ति हुई ठप

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मंगलवार की देर रात 400 केवीए के ट्रॉली ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग जाने से कई वार्डो की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी।। आग इतनी भयंकर लगी थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। अचानक ट्रांसफार्मर जल जाने से नगर के दर्जनों घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है।

जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व पीएचसी परिसर में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसके बाद उसी दिन ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू की गई। लेकिन मंगलवार की रात  लगभग 12 बजे के करीब तकनीकी खराबी के कारण अचानक ट्रॉली ट्रांसफार्मर से तेज आवाजें और लपटें निकलने लगी। आस पास मौजूद कुछ लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग व फायर ब्रिगेड को दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में स्थानीय नगर के वार्ड नं 6,7,11 व 12 के लगभग 100 घरों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है। इससे न केवल घरेलू कार्य बाधित हो रहा है, बल्कि दुकानदारों को भी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय नगरवासियों ने बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। इस संबंध में अधिशासी अभियंता गोपी चंद ने बताया कि जले हुए ट्रॉली ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है और विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *