जमानियां (गाजीपुर)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने सोमवार की देर शाम वन अधिकारी कार्यालय के पास से 425 ग्राम हेरोईन व एक मोबाइल व 250 रुपए के साथ कस्बा बाजार के वार्ड नं 8 कानूनगो मोहल्ला निवासी पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा तस्कर मौके से फरार हो गया। पूछताछ के बाद मंगलवार को पुलिस ने अभियुक्त को न्यायलय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
कोतवाल राम साजन नागर ने बताया कि थाना एएनटीएफ के निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह द्वारा सूचना दिया गया कि जमानियां दिलदारनगर मार्ग पर वन अधिकारी कार्यालय के पास दो व्यक्ति हेरोईन लेकर मौजूद है। सूचना पर कोतवाली के उपनिरीक्षक को पुलिस टीम के साथ भेजा गया।
एएनटीएफ के निरीक्षक संग पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय के बगल वाले रास्ते पर रोड के बाये तरफ पान के गोमती के पीछे दो व्यक्ति खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे। मुखबिर के इशारा पर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस कर्मी पहुंचे तो दोनों व्यक्ति पीछे खेत की तरफ भागने लगे। घेराबंदी कर पंकज को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पंकज ने बताया कि हमारे पास मादक पदार्थ हेरोइन है। पकड़े जाने के डर से भाग रहा था। मेरा साथी सोहन ठठेरा पुत्र शिव जी वर्मा निवासी पांडेय मोड़ भाग गया। तलाशी के दौरान पंकज के पास से 425 ग्राम हिरोइन बरामद हुआ। बताया कि मेरा साथी सोहन ठठेरा ही लेकर आया था और वही किसी को देने के लिये फोन पर बात कर रहा था और बताया कि यह हेरोइन लेकर यही पर खड़े रहो जब मैं कहूंगा तब मेरे पास लेकर आना, कुछ देर में एक व्यक्ति आने वाला है। उसी को माल देना है और जो पैसा मिलेगा उसे हम लोग आपस में बांट लेंगे।
गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार तस्कर सोहन की तलाश में दबिश दे रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।










