जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां से धरम्मरपुर को जाने वाला गंगा पुल पर शनिवार की तड़के सुबह उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब घने कोहरे के कारण धान लदी एक ट्रैक्टर और गौवंशीय पशुओं से लदे पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन का पिछला हिस्सा पुल की रेलिंग पर चढ़ गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर और पिकअप के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। तत्पश्चात पुलिस ने क्रेन की सहायता से पिकअप वाहन को पुल से नीचे उतारकर कोतवाली ले आई।
इस घटना में पिकअप में रखे गए 3 गोवंशों में से एक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालकों की तलाश की जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने कोहरे के मौसम में पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर प्रशासन से सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।










