जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बाईपास रेलवे क्रॉसिंग संख्या 88 ए पर सोमवार को अप लाइन का रेल ट्रैक का मरम्मत का कार्य कराया गया। इसके लिए सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक ब्लॉक लिया गया। जिससे एनएच 24 पर यातायात व्यवस्था करीब दो घंटे तक बाधित रहा। बाजार से होकर जा रहे वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
एनएच 24 स्थित बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों के सुगम आवागमन के लिए रेल पटरी के बीच रबर का पैड लगाया गया है। लेकिन एनएच पर भारी वाहनों के दबाव के कारण रेलवे ट्रैक और लगाया गया रबर सुरक्षात्मक दृष्टि से प्रभावित हो जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से इसका बार बार मेंटिनेंस कार्य कराया जाता है। इसी क्रम में रेल पथ विभाग द्वारा सोमवार को रेल ट्रैक से रबर निकालकर डीटीई मशीन के माध्यम से ट्रैक पैकिंग का कार्य किया।
वरीय प्रशाखा अभियंता (रेलपथ), दिलदारनगर लल्लन राम ने बताया कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और सुचारु रेल परिचालन के उद्देश्य से नियमित रखरखाव का कार्य कराया गया और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रेलवे क्रॉसिंग को सड़क यातायात के लिए पुनः खोल दिया गया। ट्रैक मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए आरपीएफ, जीआरपी व स्थानीय पुलिस मौजूद रही।
वहीं बाईपास रेलवे फाटक पर हो रहे मरम्मत कार्य के चलते अधिकांश चार पहिया व मोटरसाइकिल चालक स्टेशन बाजार के सब्जीमंडी के रास्ते आवागमन करने लगे। जिसके लोगों को बाजार में भीषण जाम का सामना करना पड़ा।

