जमानियां (गाजीपुर)। बीते 28, 29 और 30 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान और लगातार हुई बारिश एवं प्रतिकूल मौसम के कारण धान की खड़ी फसल को हुए नुकसान को लेकर युवजन सभा समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव विजय यादव के नेतृत्व में किसानों ने उपजिलाधिकारी निधि को मांग पत्र सौंपकर तहसील क्षेत्र के सभी प्रभावित गांवों में फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराकर मुवावजे की मांग की है।
एसडीएम को पत्रक सौंपते हुए किसानों ने कहा कि चक्रवाती हवा और लगातार बारिश से खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार धान की फसल गिर गई है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने से फसल प्रभावित हुई है। इससे धान के दानों की गुणवत्ता और उत्पादन में भी कमी आने की आशंका है। किसानों ने कहा कि बीज, खाद, दवा, सिंचाई, डीजल और मजदूरी पर भारी खर्च करने के बाद अब फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

किसानों ने मांग किया कि तत्काल राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम प्रत्येक किसान के खेत का अलग-अलग सर्वेक्षण करें। साथ ही 33 प्रतिशत फसल क्षति की अनिवार्य शर्त के कारण कम नुकसान झेलने वाले वास्तविक प्रभावित किसानों को राहत से वंचित न रखा जाए। जिन किसानों के केसीसी खाते से फसल बीमा का प्रीमियम काटा गया है, उन्हें बीमा नियमों के तहत क्षतिपूर्ति दिलाई जाए। किसानों ने छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने, सर्वेक्षण रिपोर्ट और लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने तथा शासन से आवश्यक राहत दिलाने की मांग की है।
उक्त मौके पर सरोज यादव, जवाहर राजभर पप्पू गुप्ता, धनंजय यादव, झिल्लू यादव, दयाशंकर यादव, बबलू यादव, अनिल यादव, रजनीश यादव, सोनू यादव, पप्पू यादव, सूरज यादव, हदीश हवारी आदि मौजूद रहे।

