जमानिया (गाजीपुर)। दीपावली के त्योहार से पहले स्थानीय कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोनार टोली स्थित एक गोदाम से 4 कुंतल 78 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली के उपनिरीक्षक राजकुमार यादव शुक्रवार को अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कस्बा बाजार के सोनार टोली स्थित औरंगजेब खान के गोदाम में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान वहां से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि पटाखों का भंडारण और बिक्री बिना लाइसेंस के किया जा रहा था।
मौके से पुलिस ने औरंगजेब खान पुत्र इकबाल खान निवासी सुभान टोली, इश्तियाक पुत्र शकूर खान निवासी सुभान टोली तथा मोहम्मद अर्श पुत्र रेयाज अहमद निवासी पुरानी मंडी, जमानिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इश्तियाक के खिलाफ वर्ष 2018 में भी जमानिया थाने में मारपीट, बलवा, घर में घुसने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








