जमानियां (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत रविवार को नगर पालिका परिषद जमानियां के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 346 लाभार्थियों को प्रथम किस्त का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश स्तरीय आयोजन से जुड़ा हुआ था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार के कारण नगर क्षेत्र में विकास कार्य लगातार हो रहे हैं। लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लोगों को न केवल पक्का मकान मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

बीजेपी नगर मंडल जमानियां के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शी व्यवस्था के तहत लाभार्थियों के खाते में सीधे धनराशि भेजी जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, डूडा जेई अंशुमान यादव, सभासदगण, भाजपा विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।










