जमानियां (गाजीपुर)। विद्युत उपकेंद्र परिसर में बुधवार को बिजली बिल राहत योजना कैंप का आयोजन हुआ। कैंप में योजना का शत प्रतिशत लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय व पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने प्रमाण पत्र दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि सरकार बिजली बिल में 25 प्रतिशत की छूट एवं ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट दे रही है। ऐसे में बकाएदार उपभोक्ता इस योजना का पूरी तरह से लाभ उठाएं। सरकार सबका साथ सबका विकास के तहत कार्य कर रही है।
पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि सरकार बिजली बिल में भारी छूट दे कर उपभोक्ताओं को राहत पहुँचाने का काम किया है। बकाएदार अधिक से अधिक संख्या में बिल जमा कर सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं। विद्युत बिल सम्बंधित समस्याओं का निराकरण कैंप में करा कर योजना से लाभांवित हो। पहले चरण में ही रजिस्ट्रेशन करा कर लाभ पाएँ।
अधिशासी अभियंता विजय कटारिया ने बताया कि कैंप में 150 उपभोक्ताओं ने बकाया बिल किस्त में देने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया व 50 ऐसे उपभोक्ता थे जिन्होंने शत प्रतिशत योजना का लाभ लिया। अपील किया की बकाएदार इस योजना का लाभ लेकर मूल धन में 25 प्रतिशत का लाभ लें और ब्याज में भी पूरा छूट प्राप्त करें। योजना के लाभ के लिए पहले उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन कराएं।
इस मौके पर अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना, उप खंड अधिकारी लोकेश कुमार, अवर अभियंता संजीत कुमार, विष्णु सिंह, पंकज राय, गिरधारी, अनिल सिंह, अमित सिंह,बतारकेश्वर वर्मा, संदीप बिंद सहित अन्य लोग रहे।










