जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के एनएच 24 बरूईन नहर पुलिया स्थित बनवासी बस्ती के पास न्यायालय के आदेश पर बुधवार की दोपहर पहुंची राजस्व टीम ने 30 वर्ष बाद वादी गोरखनाथ सिंह के पक्ष में भूमि पर कब्जा दिलाया। सुरक्षा के लिहाज से पीएसी बल व कुछ थानों की फोर्स मौजूद रही। हालांकि इस दौरान बनवासी बस्ती की महिलाओं ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें समझा बुझा कर शांत कराया।

न्यायालय के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंचे सदर अमीन दिलीप कुमार यादव ने बताया कि गोरखनाथ सिंह बनाम फागू के वाद संख्य 249/1995 के क्रम में अपर सत्र न्यायालय गाजीपुर द्वारा 30 मई 1998 को वादी के पक्ष में फैसला सुनाया गया। इसके बाद कब्जा के लिए वर्ष 2017 में इजरा किया गया। जिसपर 19 अक्टूबर 2025 को जिला न्यायालय द्वारा वादी गोरखनाथ सिंह के पक्ष में कब्जा दिलाने का आदेश जारी हुआ।

जिसके क्रम में आज भूमि की नापी कर भारी पुलिस बल के साथ बनवासी बस्ती के सामने दीवाल उठाकर वादी को उसकी जमीन पर कब्जा दिलाया गया। उक्त मौके पर एसडीएम ज्योति चौरसिया, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार, कोतवाल प्रमोद सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी व पीएसी के जवान मौजूद रहे।










