जमानियां (गाजीपुर)। धनौता गांव निवासी सविंद्र मौर्य (32) की रविवार की देर शाम करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के ससुर मोती चन्द्र कुशवाहा, निवासी दरौली, ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि खेत में टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से उनके दामाद की मौत हुई।
परिजनों के अनुसार, कानपुर में निजी कंपनी में कार्यरत सविंद्र कुछ दिन पहले खेती के लिए पत्नी संग गांव आए थे। रविवार की शाम वे खेत की ओर गए थे। देर तक वापस न आने पर पत्नी राधिका खेत पर पहुंचीं तो उन्हें गिरे हुए देखा। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
सर्विंद्र की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सविंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़ा भाई चेन्नई और छोटा भाई अहमदाबाद में कार्यरत है।
विद्युत उपकेंद्र दिलदारनगर के अवर अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि “धनौता गांव में तार गिरने की कोई सूचना नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार सविंद्र एलटी लाइन में कटिया कनेक्शन फंसा रहे थे, तभी करंट की चपेट में आए।”










