द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के 9 खिलाड़ियों का नेशनल स्कूल गेम्स व विश्वविद्यालय टीम में चयन

जमानियां (गाजीपुर)। द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अकादमी के 8 खिलाड़ियों का चयन नेशनल स्कूल गेम्स के लिए तथा 9 खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय विश्वविद्यालय टीम में हुआ है। यह उपलब्धि क्षेत्र के खेल जगत के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

24 से 26 सितंबर तक सैयदराजा में आयोजित 69वीं प्रादेशिक माध्यमिक विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता में द्रोणा अकादमी के धनुर्धरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक जीते। इसमें 2 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की ओर से 11 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें द्रोणा अकादमी ने दूसरा स्थान पाते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।

परिणामों में अंडर-19 कंपाउंड राउंड में विशाल यादव ने स्वर्ण, शैलेंद्र कुमार ने अंडर-19 रिकर्व राउंड में स्वर्ण, कुणाल सिंह ने इंडियन राउंड में रजत, जबकि विकास कुशवाहा व अनुज यादव ने कांस्य पदक प्राप्त किए। इस प्रदर्शन के आधार पर 8 खिलाड़ियों का चयन स्कूल नेशनल गेम्स (मणिपुर व झारखंड) के लिए किया गया।

इसी क्रम में 22 सितंबर को राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय में आयोजित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में कृष पांडे प्रथम, अनमोल यादव द्वितीय व विजय यादव तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अंजली कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता। रिकर्व राउंड में राकेश कुमार प्रथम, विश्वजीत यादव द्वितीय और शिवम गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में खुशी श्रीवास्तव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कंपाउंड राउंड में विकास यादव द्वितीय स्थान पर रहे।

इस प्रतियोगिता के आधार पर अकादमी के 9 खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 के लिए हुआ है, जिसका आयोजन 24 से 30 अक्टूबर तक गुरु काशी विश्वविद्यालय, भटिंडा (पंजाब) में होगा।

अकादमी के कोच संदीप सिंह और सहायक कोच ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर यह सफलता दिलाई। वहीं, संस्थापक सतीश दुबे ने बताया कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय की 14 सदस्यीय टीम में क्षेत्र के 9 खिलाड़ी शामिल होकर जमानियां का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *