जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के लठियां गांव से एक 10 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर परिजनों ने थाने में तहरीर देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक 25 जुलाई की दोपहर लगभग 2 बजे गांव के ही भीषम पुत्र धनश्याम के साथ घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। बालक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पहले भी भीषम के साथ गया था और चार दिन बाद लौट आया था, लेकिन इस बार वह अब तक नहीं लौटा है।
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद परेशान हैं।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम बच्चे की तलाश में जुट गई है।










